जिला चिकित्सालय में तंबाकू सेवन करने वालों पर चालानी कार्रवाई, वसूला जुर्माना

सीधी । राष्ट्रीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत जिला चिकित्सालय सीधी के परिसर को तंबाकू मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष निरीक्षण एवं चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों से 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही मरीजों, उनके परिजनों एवं अन्य लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक खरे के मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपरानी इसरानी के नेतृत्व में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी डॉ. स्वाति सिंह ने चिकित्सालय परिसर का निरीक्षण कर तंबाकू सेवन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की। इस दौरान लोगों को तंबाकू, गुटखा, बीड़ी एवं सिगरेट के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों तथा मुख कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। सीएमएचओ डॉ. अशोक खरे एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपरानी इसरानी ने उपस्थित मरीजों, परिजनों एवं अन्य नागरिकों को तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार और समाज को तंबाकू मुक्त बनाने में सहयोग देने की शपथ दिलाई। जिला नोडल अधिकारी डॉ. स्वाति सिंह ने कहा कि अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थलों को पूर्णतः तंबाकू मुक्त बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से जिला चिकित्सालय परिसर को तंबाकू मुक्त बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। अभियान के अंतर्गत जिले के अन्य सार्वजनिक स्थलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में भी निरीक्षण, चालानी कार्रवाई एवं जागरूकता गतिविधियां जारी रहेंगी।

Next Post

हनुमना-मऊगंज क्षेत्र में खनिज माफिया का तांडव, अवैध उत्खनन से खोखल हो रही भूमि

Fri Oct 30 , 2026
मऊगंज, मऊगंज से लेकर हनुमना तक अवैध उत्खनन हो रहा है. पत्थर-पटिया के अवैध उत्खनन से शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा है. लगातार भू-माफिया राजस्व, वन एवं निजी भूमियों को खोखला कर रहे है. बावजूद इसके कोई कार्यवाही नही की जा रही है. मऊगंज जिले को प्रकृति ने […]

You May Like