सतना :पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा नशे के विरुद्ध छेड़े गए अभियान ऑपरेशन प्रहार 2.0 को अब तक सबसे अधिक सफलता मैहर जिले में मिलती नजर आ रही है. हर रोज अवैध शराब, गांजा और नशीली दवाओं के पकड़े जाने के क्रम में सोमवार को उस वक्त बड़ी कार्रवाई सामने आई जब एक गांव से 286 शीशी नशीली कफ सीरप की खेप पकड़ी गई. पुलिस को चकमा देने के लिए नशीली दवाओं के स्टॉक को रेत के टीले में दबाकर उसके ऊपर लौकी की बेल लगा दी गई थी.
पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के ताला थाना पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 286 शीशी कफ सीरप पकड़ी गई. इस मामले में पुलिस द्वारा आरोपी नंद किशोर उर्फ छोटे भईया पटेल उम्र 59 वर्ष निवासी बड़ा टोला सनेही को गिरफ्तार करते हुए उसके विरुद्ध धारा 8, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट और 6/13 ड्रग कंट्रोल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई.
पुलिस द्वारा जब्त की गई 286 शीशी कफ सीरप की कीमत 57 हजार 619 रु आंकी गई. वहीं घटनाक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए एसपी श्री सिंह ने बताया कि ताला थाने की पुलिस को मुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिूूली थी कि आरोपी द्वारा रेत के ढेर के अंदर नशीली दवाओं की खेप को छिपाकर रखा गया है. सूचना की गंभीरता के मद्देनजर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. लेकिन वहां पर रेत के टीले के ऊपर लौकी की बेल लगी नजर आई.
जिसे देखकर यह लग रहा था ििक रेत कई दिनों से ऐसे ही रखी हुई है. चूंकि सूचना सटीक थी इसलिए पुलिस टीम ने मौके पर जेसीबी वाहन को बुला लिया. जिसके बाद जेसीबी की मदद से रेत को धीरे-धीरे फैलाने के लिए कहा गया. जैसे ही लोकी की बेलाों को हटाकर जेसीबी ने रेत को फैलाना शुरु किया वैसे ही वहां पर भरी हुई 2 बोरियां नजर आईं. जिन्हें खोलकर देखने पर उसमें नशे में इस्तेमाल होने वाली कफ सीरप की 286 शीशियां बरामद हो गईं.
प्रति शीशी 60 रु का लाभ
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी नंद किशोर उर्फ छोटे भईया पटेल ने बताया कि वह 240 रु प्रति शीशी के रेट पर कफ सीरप खरीदता है. जिसे वह 300 रु प्रति शीशी के हिसाब से बेचता है. इस लिहाज से उसके द्वारा प्रति शीशी 60 रु का अवैध लाभ कमाया जा रहा था. यह जानकारी सामने आते ही पुलिस टीम द्वारा उन विक्रेताओं की कुण्डली खंगाली जाने लगी जो नशे में इस्तेमाल होने वाली कफ सीरप के अवैध करोबार में संलिप्त हैं. पुलिस के अनुसार नशे के कारोबार की जैसे-जैसे कडिय़ां जुड़ती जाएंगी वैसे वैसे ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पॉलीथीन में रखकर ब्रिकी
सतना सहित विंध्य क्षेत्र में नशे में इस्तेमाल होने वाली कफ सीरप, टेबलेट्स और कैप्सूल के कारोबार की जड़ें कितनी गहरी हो चुकी हैं कि लोग उसे पॉलीथीन में भरकर खुलेआम बेचने से भी बाज नहीं आते. कोलगवां थाना पुलिस की टीम ने ऐसे ही एक आरोपी 26 वर्षीय युवक विवेक चौधरी निवासी मथुरा सिंह बस्ती को मैत्री पार्क के निकट से दबोच लिया. आरोपी के हाथ में लटकी पॉलीथीन में नशे में इस्तेमाल होने वाली ऑनरेक्स कफ सीरप की 15 शीशियां रखी मिलीं. जिन्हेें वह बेचने की फिराक में था. जिसे देखते हुए अरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस और ड्रग कंट्रोल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई
