हैदराबाद, (वार्ता) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिए गए समर्थन के बदले में जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) का समर्थन कर रही है।
श्री रेड्डी ने कहा कि बीआरएस ने तेलंगाना में अपने शासन के दौरान और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी श्री मोदी का समर्थन किया था।
उन्होंने बीआरएस-भाजपा संबंध को ‘फेविकोल बंधन’ बताया और आरोप लगाया कि दोनों दल एक-दूसरे को प्रासंगिक बने रहने में मदद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा बीआरएस की मदद के लिए जुबली हिल्स उपचुनाव में अपनी जमानत गंवाने को तैयार है, जो उपचुनावों में भावनाओं की आड़ में वोट हासिल करने की कोशिश कर रही थी।
उन्होंने कहा कि जब 2007 में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी जनार्दन रेड्डी का निधन हुआ तो बीआरएस ने अपना उम्मीदवार उतारा। उन्होंने कहा कि के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने पीजेआर परिवार को तीन घंटे तक बाहर खड़ा रखकर उनका अपमान किया। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटीआर पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती बीआरएस सरकार की उपेक्षा के कारण जुबली हिल्स के लोग असंख्य समस्याओं का सामना कर रहे थे। दस साल तक सत्ता में रहने के बावजूद विधानसभा क्षेत्र में अल्पसंख्यक लोगों की समस्याओं का समाधान न करने के लिए केटीआर पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने 70,000 से अधिक रिक्त पदों को भरा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने राशन कार्ड जारी करने, 200 यूनिट मुफ्त बिजली आपूर्ति, महिलाओं के लिए मुफ्त आरटीसी बस यात्रा के वादों को पूरा करने के अलावा अन्य सफलताएं भी हासिल की हैं।
