
सीधी। संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में जंगली हाथी ने जंगल में लकड़ी बीनने गए एक युवक पर हमला कर उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। घटना संजय टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र पोंडी के कोर एरिया में स्थित ग्राम कुंदौर की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपूजन सिंह पिता गणेश सिंह उम्र 27 वर्ष निवासी कुंदौर बीती दोपहर करीब 12 बजे जंगल में सूखी लकड़ी बीनने गया था। इसी दौरान दिठोर नाला के पास उसका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी को सामने देखकर युवक घबरा गया और जान बचा लिए दौड़ लगा दी, लेकिन कुछ दूरी पर वह औंधे मुंह गिर पड़ा। पीछे से पहुंचे हाथी ने उसकी कमर,
कूल्हे और पैर को बेरहमी से कुचल दिया और आगे बढ़ गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हाथी के जाने के बाद घायल युवक दर्द से कराहता हुआ किसी तरह खुद को घसीटते हुए पास के वाच टावर तक ले गया और मोबाइल फोन से परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और वन विभाग को अवगत कराया। घटना की जानकारी मिलते ही संजय टाइगर रिजर्व के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाकर भर्ती कराया गया। वर्तमान में युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
अकेला हाथी बना ग्रामीणों के लिए खतरा-
ग्रामीणों के अनुसार करीब चार माह पूर्व दो जंगली हाथी सीधी-शहडोल सीमा की बनास नदी पार कर संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पहुंचे थे और क्षेत्र में उत्पात मचाने लगे थे। शिकायत के बाद वन विभाग ने एक हाथी को ट्रेंकुलाइज कर बांधवगढ़ भेज दिया, जबकि दूसरा हाथी अब भी क्षेत्र में अकेले स्वच्छंद विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
