
सिंगरौली । स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र में आज कृषि संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में मुख्य रूप से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और मृदा स्वास्थ्य की रक्षा करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी की। इस योजना के तहत जिले के 1,37,344 कृषकों के खातों में सम्मान राशि हस्तांतरित कर उन्हें लाभान्वित किया गया। जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के कृषक कल्याण की इस कड़ी में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक रामनिवास शाह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अंधाधुंध उपयोग से हमारी उपजाऊ भूमि बंजर होती जा रही है और इसका सीधा असर हमारे स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। आगे कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाकर हम न सिर्फ अपनी खेती की लागत कम कर सकते हैं, बल्कि देश की भावी पीढ़ी को एक स्वस्थ जीवन भी दे सकते हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने अपने संबोधन में कहा कि पारंपरिक और प्राकृतिक कृषि पद्धति ही हमारे भविष्य की असली पूंजी है। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. जय सिंह ने विभागीय योजनाओं व उनकी तकनीकी बारीकियों से सभी को अवगत कराया। इस कार्यक्रम में ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय, सीडा अध्यक्ष विरेंद्र गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदर लाल शाह, विरेंद्र पाठक, प्रवेन्दरधर द्विवेदी, सांसद प्रतिनिधि संतोष बर्मा, पार्षद राम नरेश शाह और पार्षद आशीष बैस मौजूद रहे।
