मुंबई, 29 जुलाई (वार्ता) देश में धन-सम्पत्ति का सृजन करने वाली हस्तियों और घरानों में धन-सम्पत्ति प्रबंधन कंपनी 360 वन की वर्ष 2026 की रिपोर्ट के अनुसार इस समय देश में गौतम अडानी एवं परिवार 9,08,178 करोड़ रुपये की सम्पत्ति के साथ प्रथम स्थान पर, मुकेश धीरूभाई अंबानी एवं परिवार 8,93,622 करोड़ रुपये की सम्पत्ति के साथ दूसरे और सुनील भारती मित्तल एवं परिवार 4,96,687 करोड़ रुपये की सम्पत्ति के साथ तीसरे स्थान पर है। फर्म की ओर से बुधवार को जारी रिपोर्ट – 360 वन वेल्थ क्रिएटर्स लिस्ट-2026 में ऐसे 3,040 व्यक्तियों को शामिल किया गया है, जिनकी कुल संपत्ति 104 लाख करोड़ रुपये है। सूची में 425 करोड़ रुपये या उससे ऊपर की सम्पत्ति वालों को स्थान दिया गया है और इसे देश में धन-सम्पत्ति का सृजन करने वाले लोगों का अब तक का सबसे व्यापक मानचित्रण बताया गया है।
फर्म 360 वन 7.76 लाख करोड़ रुपये (82 अरब डॉलर से अधिक) की परिसंपत्तियों का प्रबंधन करती । 360 वन ने क्रिसिल इंटेलीजेंस के सहयोग से यह रिपोर्ट तैयार की है।कंपनी की एक विज्ञप्ति में इस अध्ययन रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि शीर्ष 100 कारोबारी परिवारों की कुल संपत्ति 76.5 लाख करोड़ रुपये है। सूची में शामिल शीर्ष 10 परिवार कुल संपत्ति पर 49 प्रतिशत नियंत्रित करते हैं। अंबानी परिवार के उत्तराधिकारी – अनंत अंबानी, ईशा अंबानी और आकाश अंबानी – लगातार शीर्ष तीन स्थानों पर बने हुए हैं। तीनों की व्यक्तिगत संपत्ति 2.75 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।
मुंबई भारत की संपत्ति राजधानी बनी हुई है। यहां 802 धन सृजक हैं, जो सूची की कुल संपत्ति का 38.4 प्रतिशत नियंत्रित करते हैं। औद्योगिक समूह सबसे बड़े क्षेत्र के रूप में उभरे हैं। इस क्षेत्र के 30 व्यक्तियों के पास कुल संपत्ति का 14.6 प्रतिशत हिस्सा है और प्रति व्यक्ति औसत संपत्ति लगभग50,000 करोड़ रुपये है। फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र के 273 व्यक्तियों के पास 11.3 प्रतिशत संपत्ति है। सूची में वित्तीय सेवाओं के 291 व्यक्तियों के पास 7.9 प्रतिशत संपत्ति पायी गयी है। जहां पारंपरिक क्षेत्रों का कुल संपत्ति में 83 प्रतिशत योगदान है, वहीं नए क्षेत्रों का योगदान 15.5 प्रतिशत तक पहुंच चुका है, जो भारत की नई अर्थव्यवस्था के निरंतर विस्तार का संकेत देता है।
शीर्ष पांच शहर मिलकर सूची की कुल संपत्ति का लगभग 70.2 प्रतिशत प्रतिनिधित्व करते हैं। मुंबई – कुल संपत्ति का 38.4 प्रतिशत, अहमदाबाद 8.7 प्रतिशत, बेंगलुरु 8.1 प्रतिशत हिस्सा है। इसके बाद नई दिल्ली और गुरुग्राम का स्थान है। अहमदाबाद की संपत्ति मुख्य रूप से औद्योगिक समूहों और फार्मास्यूटिकल्स पर आधारित है, जबकि बेंगलुरु की पहचान प्रौद्योगिकी और इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़ी है। सूची में शामिल व्यक्तियों की आयु 7 से 96 वर्ष के बीच है और मध्य आयु 57 वर्ष है। सूची में 1,696 नाम पहली पीढ़ी के उद्यमी, 1,290 विरासत आधारित उद्यमी, उत्तराधिकारी एवं व्यवसाय संचालक हैं। आयु के हिसाब से 285 व्यक्ति 40 वर्ष से कम आयु के 141 व्यक्ति 80 वर्ष से अधिक आयु के हैं।
सम्पत्ति सृजन करने वालों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। 360 वन की 2026 की सूची में 738 महिलाएं शामिल हैं, जिनके पास कुल संपत्ति का 22.6 प्रतिशत हिस्सा है। 40 वर्ष से कम आयु की 51 महिलाओं की औसत संपत्ति 6,542 करोड़ रुपये है। सूची के 183 डॉलर अरबपतियों में से 47 महिलाएं हैं। विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह देश में महिलाओं के नेतृत्व में उभरती नई संपत्ति निर्माण क्षमता को दर्शाता है।
360 वन के संस्थापक, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी करण भगत ने कहा: “भारत में संपत्ति निर्माण की अनेक कहानियां एक साथ विभिन्न शहरों, उद्योगों और पीढ़ियों में विकसित हो रही हैं। यह रिपोर्ट इन सभी कहानियों को एक मंच पर लाती है ताकि दुनिया भारत की उद्यमशीलता की पूरी तस्वीर देख सके। 360 वन के लिए इन उद्यमियों को समझना, उनकी सोच और उनके लक्ष्यों को जानना ही हमें उनका विश्वसनीय भागीदार बनाता है।” इस अध्ययन रिपोर्ट के लिए सार्वजनिक रूप से उपलब्ध 10,000 से अधिक सूचीबद्ध एवं गैर-सूचीबद्ध भारतीय कंपनियों की वार्षिक रिपोर्ट और फाइलिंग, विलय एवं अधिग्रहण, हिस्सेदारी बिक्री और इक्विटी निवेश से संबंधित लेन-देन का विश्लेषण तथा विभिन्न सार्वजनिक एवं द्वितीयक स्रोतों से प्राप्त डेटा का शामिल किया गया है।

