सिलवानी: जनपद पंचायत सिलवानी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पड़रिया खुर्द में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। यहां पौधारोपण के नाम पर लाखों रुपए की राशि निकाल ली गई, जबकि हकीकत में एक भी पौधा नहीं लगाया गया। पंचायत रिकॉर्ड में सैकड़ों पौधे रोपे जाने का उल्लेख है, लेकिन जिन स्थानों को पौधारोपण स्थल बताया गया, वहां आज मवेशियों के तबेले बने हुए हैं।
ग्रामीण बबलू पटेल, मातेंद्र पटेल और राजेंद्र पटेल सहित कई लोगों ने बताया कि पूर्व अधिकारियों की मिलीभगत से यह फर्जीवाड़ा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कागजों में ही पौधारोपण दिखाकर लाखों रुपए आहरित कर लिए गए और फिर खुद ही मूल्यांकन कर फाइलें पूरी कर दीं। ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरा घोटाला उच्चस्तरीय जांच का विषय है और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।इस मामले पर जनपद सीईओ नीतम रैकवार ने कहा कि हड़ताल के कारण जांच में देरी हुई है। नई जांच टीम गठित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
