
इंदौर। आज खजराना में प्रशासन ने सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कारवाई की। उक्त जमीन का बाजार मूल्य सौ करोड़ रुपए बताया जा रहा है।
शहर में शासकीय जमीन से अतिक्रमण और अवैध कब्जे हटाने का प्रशासन द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। आज कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन ने दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए सौ करोड़ रुपए की बेशकीमती शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई।
ग्राम खजराना स्थित सर्वे क्रमांक 296 रकबा 0.769 हेक्टेयर जमीन शासकीय भूमि है। उक्त खसरे के एक भाग की लगभग 35 हजार वर्गफीट जमीन पर इमरान पटेल ने अवैध रूप से भैंस का तबेला बना लिया था । वही पास में शाकीर शाह द्वारा गैरेज का निर्माण कर लिया था। उक्त दोनों के कब्जे जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई गई। उक्त भूमि का बाजार मूल्य लगभग 52 करोड़ 50 लाख रुपए है।
इसी तरह सरकारी शहरी सीलिंग भूमि सर्वे नम्बर 325/1/6/2 से भी अतिक्रमण हटाने की कार्यवाई की गई। इस भूमि का कुल रकबा 45 हजार वर्गफीट है। इस भूमि पर अतिक्रमण कर बनाये गए फेंसिंग एवं निर्माण को हटाया गया। उक्त दोनों भूमि का कुल बाज़ार मूल्य लगभग 100 करोड़ रुपए है।
