बुधनी। तहसील के ग्राम बोरना में स्व. पंडित रामकुमार तिवारी की पुण्य स्मृति में तिवारी परिवार द्वारा स्वास्थ्य, रोजगार, संस्कृति और सामाजिक उत्थान से जुड़े आयोजन किए गए. वहीं 31 निर्धन बेटियों का नि:शुल्क सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया. इनमें 13 अनाथ बेटियां शामिल रहीं, जबकि शेष 11 विभिन्न जातियों से संबंधित निर्धन परिवारों की बेटियां थी.
कार्यक्रम के प्रथम दिवस स्वास्थ्य परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया. सभी नवदंपतियों से पौधों का रोपण कराया गया. इसके बाद नवविवाहित जोड़े 31 कारों के काफिले के साथ भू-जागेश्वर शिव मंदिर, खैरी सिलगेना पहुंचे. जहां दर्शन कर सुख-समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की. पूर्व सीएम एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए तिवारी परिवार के इस मानव सेवा कार्य की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया. कार्यक्रम में राजनीति, प्रशासन, समाजसेवा, शिक्षा, मीडिया, स्वच्छता उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया. मुख्य अतिथि डॉ. अतुल सेठा, एचएम त्रिपाठी ने सम्मान प्रदान किए.
