छतरपुर। छतरपुर जिले के संदीपनी सीएम राइस स्कूल में एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर का एनसीसी कैंप शुरू हुआ। इस कैंप का आयोजन मध्यप्रदेश की 25वीं एनसीसी बटालियन छतरपुर द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2:30 बजे हुआ।
इस विशेष कैंप में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और गोवा से आए करीब 600 कैडेट भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक मंच पर लाकर उनकी प्रतिभा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम को प्रोत्साहित करना है।
कैंप के दौरान कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और सांस्कृतिक गतिविधियों का अनुभव कराया जाएगा। साथ ही अलग-अलग राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को साझा करने का अवसर मिलेगा, जिससे राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश मजबूत होगा।
एनसीसी अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजन न केवल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि उन्हें देश की विविधता में एकता की महत्ता भी समझाते हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस आयोजन का स्वागत किया और बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कैडेट्स का उत्साह बढ़ाया।
एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत राष्ट्रीय एनसीसी कैंप का शुभारंभ
