
रतलाम। जिले के सरवन थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा ग्राम बड़ीकला के एक खेत में हुआ, जहां ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रामदेव (20), पिता कालूसिंह निनामा, निवासी ताराघाटी, थाना सरवन शुक्रवार को ग्राम बड़ीकला स्थित खेत पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह उसके नीचे दब गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना कमरु पिता बातुड़ा निनामा, निवासी बड़ीकला द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर सरवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।
