नयी दिल्ली, 11 जून (वार्ता) दुनिया भर में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और सुरक्षा चुनौतियों के बीच रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक अपनाने से अगले तीन साल में रोजगार में पांच गुना वृद्धि की संभावना है।
नेक्सजेन एग्जीबिशन्स प्राइवेट लिमिटेड (एनईपीएल) द्वारा किये गये एक सर्वेक्षण में यह बात सामने आयी है। गुरुवार को जारी सर्वेक्षण रिपोर्ट में कहा गया है कि देश का रक्षा एवं आंतरिक सुरक्षा क्षेत्र तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। अगले तीन साल में इस क्षेत्र में स्वदेशी तकनीकों का उपयोग 35 प्रतिशत तक बढ़ सकता है, जिससे में रोजगार के अवसर पांच गुना तक बढ़ने की संभावना है। साल 2025 में इस क्षेत्र में लगभग 10 हजार औपचारिक नौकरियां थीं। अगले पांच साल में यह संख्या बढ़कर करीब 50 हजार तक पहुंचने का अनुमान है।
यह सर्वेक्षण दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई और पुणे के 1,500 से अधिक रक्षा विशेषज्ञों, रक्षा तकनीक स्टार्टअप्स, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच कराया गया था। उनमें 68 प्रतिशत प्रतिभागियों ने माना कि स्वदेशी तकनीकों के बढ़ते उपयोग से रक्षा एवं आंतरिक सुरक्षा क्षेत्र में रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उनका मानना है कि यह बाजार साल 2025 के 27 अरब डॉलर से बढ़कर अगले तीन साल में 36.45 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। वहीं, 34 प्रतिशत प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय सुरक्षा को स्वदेशी तकनीकों को अपनाने का सबसे बड़ा कारण बताया। केंद्र सरकार की ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल को 29 प्रतिशत प्रतिभागियों ने प्रमुख प्रेरक माना। इसके अलावा लागत में कमी, आयात पर निर्भरता घटाने और तकनीकी आत्मनिर्भरता को भी महत्वपूर्ण कारणों के रूप में रेखांकित किया गया।
सर्वेक्षण के मुताबिक, निगरानी एवं खुफिया तंत्र, साइबर सुरक्षा, संचार प्रणाली, ड्रोन एवं ड्रोन-रोधी तकनीक तथा आधुनिक युद्धक उपकरण ऐसे क्षेत्र होंगे जहां स्वदेशी तकनीकों का सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिलेगा। नेक्सजेन एग्जीबिशन्स की प्रबंध निदेशक संगीता बंसल ने कहा, “देश का ‘विज़न 2047’ और ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ रक्षा एवं आंतरिक सुरक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीकों को नयी दिशा दे रहे हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ यह पहल रोजगार सृजन, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में देश की स्थिति को भी सशक्त बनायेगी। सरकार, उद्योग और स्टार्टअप के बीच सहयोग इस परिवर्तन की कुंजी होगी।” रक्षा एवं सुरक्षा क्षेत्र में स्वदेशी नवाचारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 11वें अंतर्राष्ट्रीय पुलिस एक्सपो और 10वें भारत आंतरिक सुरक्षा एक्सपो का आयोजन 24-25 जून को यहां भारत मंडपम में किया जायेगा। इसमें 25 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, सुरक्षा विशेषज्ञ, सरकारी अधिकारी, रक्षा निर्माता और तकनीकी कंपनियां भाग लेंगी।

