महू: कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री शक्ति सिंह के नेतृत्व में महू में सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ किसान ट्रैक्टर न्याय यात्रा निकाली. न्याय यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची, जहां अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एसडीएम को ज्ञापन सौंपा. यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ.यात्रा सुबह 11 बजे ग्राम जामली से जय जवान, जय किसान के उदघोष के साथ प्रारंभ होकर गवली पलासिया, डोंगरगांव, ड्रीमलैंड होते हुए डॉ अंबेडकर स्मारक पर माल्यार्पण कर महूगांव तहसील कार्यालय पहुंची.
यहां किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा. किसानों की प्रमुख मांगों में इंदौर मनमाड़ रेलवे लाइन एवं इंदौर आउटर रिंग रोड परियोजना में प्रभावित किसानों को चार गुना मुआवजा दिया जाए, किसानों को समय-समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए व खाद की कालाबाजारी बन्द की जाए, सोयाबीन का भावांतर नहीं, उचित भाव दिया जाए एवं गेहूं की खरीदी भी सरकार स्वय करे आदि शामिल हैं. ज्ञापन का वाचन जुगनू सिंह धनावत ने किया. आभार वैकुंट पटेल ने माना.
