
रेहटी। थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद गुरुवार को हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे एवं धारदार हथियार चलने से महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम रेफर किया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार ग्राम बरखेड़ा निवासी रवीना यदुवंशी ने थाना रेहटी में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि पिछले वर्ष राजस्व विभाग द्वारा कराई गई नपती में करीब 2.5 एकड़ भूमि उनके पक्ष में निकली थी. इसी भूमि का कब्जा 30 अप्रैल को राजस्व विभाग द्वारा उन्हें दिलाया गया था. तभी से उक्त जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चला आ रहा था. फरियादिया के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने परिजनों के साथ खेत पर कार्य कर रही थी. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और विवादित भूमि पर जुताई करने लगे. विरोध करने पर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया.
रिपोर्ट में आरोप है कि मनोहर सिंह, रामकृष्ण, संतोष, दुर्गेश, शर्मीला सहित अन्य लोगों ने कुल्हाड़ी, दातरा और डंडों से हमला कर भीम सिंह, अर्जुन सिंह, अभिषेक, कामराज, गोविंद, भोलाराम, धनराज और हेमराज के साथ मारपीट कीङ बीच-बचाव करने पहुंची रवीना के साथ भी मारपीट की गई. घटना में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को पहले शासकीय अस्पताल रेहटी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर भीम सिंह, अर्जुन सिंह, अभिषेक, कामराज, गोविंद, भोलाराम और धनराज को जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम रेफर किया गया.
