
बैतूल। माता-पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद बच्चों के सामने शिक्षा और बेहतर भविष्य की बड़ी चुनौती खड़ी हो जाती है। ऐसे जरूरतमंद बच्चों के लिए बैतूल का विजय सेवा न्यास उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है। पूर्व सांसद स्वर्गीय विजय कुमार खण्डेलवाल की स्मृति में संचालित यह न्यास जिले के बेसहारा बच्चों की शिक्षा और परवरिश की जिम्मेदारी निभा रहा है।
शुक्रवार को रामकृष्ण की बगिया में आयोजित कार्यक्रम में विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल तथा मुकेश खण्डेलवाल ने 59 बच्चों की शिक्षा के लिए विभिन्न स्कूलों को फीस राशि के चेक सौंपे। इस दौरान बच्चों की देखभाल करने वाले केयर टेकर्स को भी आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम में जिले के 14 शासकीय और निजी विद्यालयों के प्राचार्यों को करीब 8 लाख रुपये की वार्षिक फीस राशि वितरित की गई।
वर्तमान में विजय सेवा न्यास 59 बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च वहन कर रहा है। इसके अलावा प्रत्येक बच्चे को शैक्षणिक सामग्री के लिए 2 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। बच्चों की देखभाल करने वाले परिजनों को भी प्रतिवर्ष 20 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है, ताकि उनके पालन-पोषण में किसी प्रकार की परेशानी न आए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हेमन्त खण्डेलवाल ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के साथ खड़ा होना ही सच्ची मानव सेवा है। उन्होंने कहा कि न्यास का उद्देश्य केवल फीस भरना नहीं, बल्कि बच्चों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित भविष्य और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। साथ ही उनके अभिभावकों को रोजगार से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री डीडी उइके, विधायक हेमन्त खण्डेलवाल और अन्य जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। वर्ष 2025 में जहां न्यास 41 बच्चों की जिम्मेदारी निभा रहा था, वहीं वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 59 हो गई है। यह पहल जरूरतमंद बच्चों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार कर रही है।
