सीमांकन के दौरान पटवारी पर लाठी से हमला

चितरंगी । तहसील दुधमनिया अंतर्गत ग्राम बरहटी में भूमि सीमांकन के दौरान राजस्व अमले पर कथित हमले का मामला सामने आया है। सीमांकन कार्य के दौरान एक व्यक्ति द्वारा पटवारी से अभद्रता, शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा मारपीट किए जाने के आरोप के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।

तहसीलदार दुधमनिया सारिका परस्ते ने घटना की जानकारी कलेक्टर गौरव बैनल को दी, जिसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर थाना बरगवां को आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए पत्र भेजा गया है। तहसीलदार कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार ग्राम बरहटी स्थित आराजी क्रमांक 699/1/1/1 का सीमांकन कार्य राजस्व अमले द्वारा किया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम बरहटी निवासी कमलेश केवट उर्फ भूल्लू पिता सुरेश केवट उम्र लगभग 30 वर्ष मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि वह नशे की हालत में था और उसने सीमांकन कार्य का विरोध करते हुए राजस्व कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। पत्र में उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने सीमांकन में प्रयुक्त जरीब छीनने का प्रयास किया तथा पटवारी को बंधक बनाने की कोशिश की। जब पटवारी ने उसे समझाने का प्रयास किया तो उसने उनके निजी वाहन क्रमांक एमपी 53 सीए 5647 को क्षति पहुंचाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे पटवारी के चेहरे पर चोट आई और रक्तस्राव होने लगा। घटना के दौरान मौके पर कई ग्रामीण भी मौजूद थे। मामले को गंभीर मानते हुए तहसीलदार कार्यालय ने थाना प्रभारी बरगवां को पत्र लिखकर आरोपी के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई कर कार्यालय को अवगत कराने का अनुरोध किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

कलेक्टर व एसपी ने नीट परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

Fri Jun 19 , 2026
सिंगरौली । आज कलेक्टर गौरव बैनल और एसपी ने संयुक्त रूप से विभिन्न नीट परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। प्रशासनिक टीम द्वारा केन्द्रीय विद्यालय शाउमावि जयंत, पीएम शाउमावि विंध्यनगर तथा शासकीय उत्कृष्ट उमावि बैढ़न परीक्षा केंद्रों का बारीकी से जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों, […]

You May Like