
रीवा। रीवा शहर में एक निजी विद्यालय से महज दस मीटर की दूरी पर संचालित सुविधा सर्विसेज में प्रशासनिक टीम ने दविश देते हुए ड्राई आइस के साथ भारी मात्रा में स्पार्कल की मौजूदगी पाई है. हालांकि पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने इसमें क्या कार्यवाही की अभी तक इसका खुलासा नहीं हो पाया है.
बताया जा रहा है की सुविधा सर्विसेज के संचालक पुष्पराज कुशवाहा द्वारा ड्राई आइस और स्पार्कल सहित अन्य फायरवर्क की सप्लाई मध्य प्रदेश सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में की जाती है. लेकिन जिस रिहायशी इलाके में इसका भंडारण किया गया है वहां ना तो नगर निगम से फायर की एनओसी ली गई है और ना ही फायर सेफ्टी के कोई पुख्ता प्रबंध किए गए हैं. फिलहाल पूरे मामले के संबंध में जानकारी देते हुए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला ने बताया कि सूचना पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सुविधा सर्विसेज में छापा मार कार्यवाही की है, जहां ड्राई आइस के साथ स्पार्कल मौजूद मिला है. बताया गया की स्पार्कल पटाखे की श्रेणी में आता है जिसका भंडारण नियमत: रिहायशी इलाके में नहीं किया जा सकता. फिलहाल प्रशासनिक टीम ने फर्म से जुड़े सभी दस्तावेज तलब किए हैं जिसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी.
