
सिंगरौली । सदर विधायक रामनिवास शाह ने बैढ़न-1 समूह जल प्रदाय योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
जल निगम के अधिकारियों एवं कार्यकारी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में परियोजना की वर्तमान स्थिति, कार्य प्रगति और आगामी कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान अधिकारियों ने विधायक को बताया कि बैढ़न-1 समूह जल प्रदाय योजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। योजना के तहत आगामी एक माह के भीतर 16 ग्रामों में नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल आपूर्ति प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पर विधायक ने कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। विधायक ने कहा कि हर घर तक सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष कार्यों को तेजी से पूर्ण कर अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि सिंगरौली के प्रत्येक घर तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना और क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना उनका संकल्प है। जलापूर्ति जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ-साथ लोगों को बेहतर स्वास्थ्य एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
