सतना:राष्ट्रीय वयोश्री योजनांतर्गत वरिष्ठजनों को लाभांवित करने के लिए परीक्षण शिविर का आयोजन गुरूवार को टाउन हाल में समारोहपूर्वक किया गया। मुख्य अतिथि नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने इस अवसर पर कहा कि योजना के माध्यम से वृद्धजन साथियों को चलने-फिरने, सुनने, देखने और दैनिक जीवन में सहायक उपकरण प्रदान किए जाते हैं।
जिससे वे अपने जीवन को और अधिक सहज व सम्मानजनक तरीके से जी सकें। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चलाई जा रही यह पहल न केवल सेवा भाव को दर्शाती है। बल्कि समाज में वरिष्ठ जनों के प्रति कृतज्ञता और आदर का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्गों का आशीर्वाद ही समाज की असली पूंजी है और राष्ट्रीय वयोश्री योजना उनके जीवन में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भरने का कार्य कर रही है। वरिष्ठ नागरिकों की सेवा और सम्मान ही हमारे संस्कारों की पहचान है।
महापौर योगेश ताम्रकार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में प्रारंभ की गई इस जन कल्याणकारी योजना का उद्देश्य, गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन कर रहे वरिष्ठ नागरिकों की शारीरिक अक्षमता को दूर कर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस परीक्षण शिविर से हमारे बड़े-बुजुर्गों को जीवन को सरल और सहज बनाने में नई दिशा मिलेगी तथा वे बड़ी संख्या में लाभान्वित होंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सुष्मिता सिंह, वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद श्रीमती मायादेवी कोल, श्याम बिहारी शुक्ला सहित गणमान्य जन तथा बडी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
