मसूद अजहर पाकिस्तान में मौजूद नहीं : बिलावल

नयी दिल्ली, 05 जुलाई (वार्ता) पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के प्रमुख बिलावल भुट्टो जरदारी ने दावा किया है कि पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र की ओर से घोषित आतंकवादी मसूद अजहर के ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
श्री भुट्टो ने कहा कि भारत अगर पाकिस्तान में अजहर की मौजूदगी के बारे में जानकारी देता है तो पाकिस्तान उसे गिरफ्तार करने में ‘खुशी’ महसूस करेगा। उन्होंने अल जजीरा न्यूज चैनल को दिये साक्षात्कार में कहा कि हाफिज सईद पाकिस्तान में एक स्वतंत्र व्यक्ति नहीं है और मसूद अजहर अफगानिस्तान में हो सकता है।
गौरतलब है कि श्री भटुटो की पार्टी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) देश में सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है और मसूद अजहर भारत के सबसे वांछित आतंकवादियों में से एक है। अजहर ने 2001 के संसद हमले, 26/11 मुंबई हमलों, 2016 पठानकोट हमले और 2019 के पुलवामा हमले में प्रमुख भूमिका निभाई थी।
मसूद अजहर को 1267 संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध समिति के तहत 2019 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा वैश्विक आतंकवादी घोषित किया गया था। उल्लेखनीय है कि भारत मसूद अजहर और लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद को सौंपने की लगातार मांग करता रहा है लेकिन पाकिस्तान इन दोनों के वहां सक्रिय होने के सबूतों के बावजूद वहां इनकी मौजूदगी से इनकार कर रहा है।
वर्ष 1999 में कंधार विमान अपहरण के बाद आईसी-814 के यात्रियों को छोड़ने के बदले अजहर को रिहा किया गया था।
हाफिज सईद के आज़ाद होने के बारे में न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट पर एक सवाल के जवाब में श्री भुट्टो ने कहा, “यह सही नहीं है। यह तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है कि हाफिज सईद एक आज़ाद व्यक्ति है। वह पाकिस्तान सरकार की हिरासत में है। जहां तक ​​मसूद अजहर का सवाल है, हम उसे गिरफ्तार करने या उसकी पहचान करने में असमर्थ रहे हैं। अफगान जिहाद के संदर्भ में उसके अतीत को देखते हुए हमारा मानना ​​है कि वह अफगानिस्तान में है।”
भारत ने कई बार पाकिस्तान से अनुरोध किया था कि वह 2008 के मुंबई हमलों के सरगना हाफिज सईद को भारत में मुकदमे के लिए प्रत्यर्पित करे, लेकिन सईद को उसके और उसके करीबी सहयोगियों के खिलाफ 23 प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जुलाई 2019 में आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया था।
आतंकवाद निरोधी अदालत ने आतंकवाद के वित्तपोषण के दो मामलों में अप्रैल 2022 में उसे कुल मिलाकर 33 साल कैद की सजा सुनाई थी। हाफिज सईद को भारत के सबसे वांछित आतंकवादियों में से एक के रूप में सूचीबद्ध किया गया है और 26/11 के मुंबई हमलों में उसकी कथित संलिप्तता के लिए अमेरिका ने उस पर एक करोड़ अमेरिकी डॉलर का इनाम रखा है। मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को आतंकवादी हमला हुआ था और चार दिनों के बीच 166 लोग मारे गए और 300 घायल हुए थे।
श्री भुट्टो ने ये साक्षात्कार छह और सात मई की रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी शिविरों को निशाना बनाकर किए गए ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की ओर से किये गये हमले के बाद दिया है। भारत की ओर से लक्षित किये गये स्थानों में से एक बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद (जैश ) का गढ़ था। भा्रत ने ऑपरेशन सिंदूर 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए चलाया गया था। पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गये थे।

Next Post

रूस उस पर लगाये गये प्रतिबंधों से निपटने में सक्षम: ट्रम्प

Sat Jul 5 , 2025
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email मॉस्को/ वाशिंगटन, 05 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने स्वीकार किया है कि रूस का नेतृत्व उसके खिलाफ लगाये गये पश्चिमी प्रतिबंधों से निपटने में सक्षम रहा है। श्री ट्रम्प ने कहा कि हाल ही […]

You May Like