आईची नागोया, 20 सितंबर (वार्ता) ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और उभरती हुई खिलाड़ी साक्षी चौधरी, जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारत की बॉक्सिंग चुनौती की अगुवाई करेंगी। भारत इन खेलों में 11 सदस्यों वाली बॉक्सिंग टीम उतारेगा। इस टीम में पांच महिलाएं और छह पुरुष शामिल होंगे।
इस टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाएं एक साथ प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। इसमें लवलीना बोरगोहेन, पूर्व एशियन चैंपियन परवीन हुड्डा के साथ-साथ कॉमनवेल्थ गेम्स मेडलिस्ट साक्षी चौधरी, नरेंद्र बेरवाल और जादुमणि सिंह भी शामिल हैं।
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजी टीम
महिला: साक्षी चौधरी (51 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा), प्रिया घघांस (60 किग्रा), परवीन हुड्डा (65 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा)
पुरुष: जादुमणि सिंह (55 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), सुमित कुंडू (70 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा), कपिल पोखरिया (90 किग्रा), नरेंद्र बेरवाल ( 90 किग्रा)
लवलीना बोरगोहेन भारत की सबसे सफल बॉक्सरों में से एक के तौर पर आइची-नागोया में उतरेंगी। टोक्यो 2020 में कांस्य पदक जीतने वाली और पूर्व वर्ल्ड चैंपियन लवलीना ने हांगझोऊ 2023 में रजत पदक जीता था। वह महिलाओं के 75किग्रा कैटेगरी में हिस्सा लेंगी।
उलानबातर में फाइनल तक न पहुंचने की वजह से एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप से सीधे क्वालीफाई नहीं कर सकीं। इसके बाद लवलीना बोरगोहेन ने सनामाचा चानू को हराकर एशियन गेम्स की टीम में अपनी जगह पक्की की।
जापान में साक्षी चौधरी एक और बॉक्सर होंगी जिन पर सबकी नजरें रहेंगी। वह ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर इस बड़े कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रही हैं।
उन्होंने ट्रायल्स के 51किग्रा फाइनल में मौजूदा 48किग्रा वर्ल्ड चैंपियन मीनाक्षी हुड्डा को 5-0 से हराकर एशियन गेम्स की टीम में जगह बनाई। इससे पहले उन्होंने सेमीफाइनल में दो बार की वर्ल्ड चैंपियन निकहत जरीन को 4-1 से हराकर सबको हैरान दिया था।
महिलाओं के इवेंट में अन्य भारतीय बॉक्सर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की गोल्ड मेडलिस्ट प्रिया घंघास और प्रीति पवार और वर्ल्ड चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता परवीन हुड्डा शामिल हैं। प्रीति पवार ने एशियन गेम्स के पिछले संस्करण में भी कांस्य पदक हासिल किया था।
मेंस ड्रॉ में सचिन सिवाच, जादुमणि सिंह, अंकुश पंघाल और नरेंद्र बेरवाल ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने के बाद एशियन गेम्स में हिस्सा ले रहे हैं। नरेंद्र एकमात्र ऐसे भारतीय पुरुष मुक्केबाज भी हैं जिन्होंने 2023 एशियन गेम्स में पदक जीता था।
