रुपये के लुढ़कने से शेयर बाजारों में गिरावट

मुंबई, 07 अक्टूबर (वार्ता) विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों और रुपये में गिरावट से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को बिकवाली हावी रही, विशेषकर रेपो दर बढ़ाने से रियल्टी, ऑटो और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों की कंपनियां दबाव में रहीं।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सुबह गिरावट में खुला और पूरे दिन लाल निशान में रहा। अंत में यह 429.11 अंक (0.59 प्रतिशत) नीचे 72,638.70 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 173.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत लुढ़ककर 22,603.05 अंक पर रहा। इससे पहले लगातार दो दिन बाजार में तेजी रही थी।

दुनिया के दूसरे प्रमुख शेयर बाजारों में रही कमजोरी का असर भारतीय बाजार पर भी दिखा। साथ ही रुपये की गिरावट से भी बाजार में निवेश धारणा कमजोर हुई। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में आज रुपया एक समय 49 पैसे तक लुढ़क गया था।

रिजर्व बैंक के रेपो दर 0.25 प्रतिशत बढ़ाने से निफ्टी रियल्टी सूचकांक 1.77 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो 1.58 प्रतिशत और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह का सूचकांक 1.14 प्रतिशत गिर गया। धातु समूह में 2.33 फीसदी, आईटी में 1.34 और एफएमसीजी समूह में 0.89 प्रतिशत की गिरावट रही। सार्वजनिक बैंकों का सूचकांक एक प्रतिशत और मीडिया का 0.69 प्रतिशत मजबूत हुआ।

वृहत बाजार में मिलाजुला रुख रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.75 प्रतिशत नीचे रहा जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.30 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

एनएसई में कुल 3,690 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें से 2,043 के शेयरों में गिरावट और 1,549 में तेजी रही। अन्य 98 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 26 के शेयर लाल निशान में रहे। टाइटन का शेयर सबसे अधिक 3.52 प्रतिशत गिर गया। बीईएल में 2.21 फीसदी, एशियन पेंट्स में 2.07 फीसदी और इंफोसिस में 2.06 फीसदी की गिरावट रही। एलएंडटी का शेयर 1.96 प्रतिशत, अडानी पोर्ट्स का 1.90, टाटा स्टील का 1.74, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.65 और एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.52 प्रतिशत के नुकसान में रहा।

पावर ग्रिड का शेयर 1.40 प्रतिशत, एनटीपीसी का 1.34, इंडिगो का 1.28, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.27, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.01, सन फार्मा का 0.99, मारुति सुजुकी का 0.98, अल्ट्राटेक सीमेंट का 0.95 और टेक महिंद्रा का 0.92 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, टीसीएस, ट्रेंट, भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी और एक्सिस बैंक के शेयर भी लाल निशान में रहे।

कोटक महिंद्रा बैंक 2.21 फीसदी, भारती एयरटेल 1.33 फीसदी फीसदी और आईसीआईसीआई बैंक 1.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 0.92 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.62 प्रतिशत टूट गया। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.31 फीसदी की बढ़त में रहा। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.31 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.67 प्रतिशत नीचे था।

Next Post

चीनी, चावल, गेहूं के दाम बढ़े, दालों और खाद्य तेलों में घट-बढ़

Wed Oct 7 , 2026
नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चीनी की औसत कीमत बढ़ गई। चीनी के साथ चावल और गेहूं के भाव भी आज ऊपर रहे। दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव रहा। मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत चार रुपये बढ़कर 5,107 […]

You May Like