वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन के बाद इंडिया गठबंधन की ‘लंच डिप्लोमेसी’, खरगे- राहुल ने फिर उठाई ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने अपना विरोध तेज कर दिया है। चुनाव आयोग के कार्यालय के पास मंगलवार को प्रदर्शन के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को इंडिया गठबंधन के सांसदों और वरिष्ठ नेताओं के लिए लंच का आयोजन किया। जनपथ रोड स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में आयोजित इस लंच में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित इंडिया गठबंधन के कई सांसद शामिल हुए। लंच के बाद श्री खरगे ने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र को खत्म करने और लोगों के अधिकार छीनने की कोशिश की जा रही है।विपक्ष अपनी बात पूरे देश तक पहुंचायेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष डरने वाला नहीं, बल्कि लड़ने वाला है और पूरा इंडिया गठबंधन मिलकर यह लड़ाई लड़ेगा।

श्री गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा। उन्होंने कहा, “मेरे ऊपर 47 एफआईआर हैं, वे चाहें तो 100 एफआईआर और कर लें। मेरे लिए हर एफआईआर एक मेडल है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त देश के लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष मंगलवार को चुनाव आयोग जाना चाहता था, लेकिन अब सांसद जंतर-मंतर जायेंगे। गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन कथित वोट चोरी के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक विपक्षी गठबंधन इस मामले को लेकर राष्ट्रपति से मुलाकात का समय भी मांगेगा।

.....

Next Post

एनआईएन पुणे में बीएनवाईएस पाठ्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित

Wed Oct 7 , 2026
  नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) आयुष मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (एनआईएन) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान में स्नातक (बीएनवाईएस) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किये हैं। आयुष मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि यह पाठ्यक्रम संस्थान के […]

You May Like