
नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) आयुष मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (एनआईएन) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान में स्नातक (बीएनवाईएस) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किये हैं। आयुष मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि यह पाठ्यक्रम संस्थान के प्रमुख परिसर निसर्गग्राम, येवलेवाड़ी, पुणे में संचालित किया जायेगा। एनआईएन आयुष मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संस्थान है, जो स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान के माध्यम से प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग को बढ़ावा दे रहा है। संस्थान महात्मा गांधी के प्राकृतिक चिकित्सा संबंधी दृष्टिकोण और परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए भी कार्य कर रहा है।
बीएनवाईएस 5.5 वर्ष का पूर्णकालिक आवासीय पेशेवर पाठ्यक्रम है। इसमें 4.5 वर्ष का शैक्षणिक एवं नैदानिक प्रशिक्षण तथा एक वर्ष की अनिवार्य रोटेटरी इंटर्नशिप (सीआरआरआई) शामिल है। पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग के साथ व्यापक नैदानिक प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कुल 100 सीटें निर्धारित की गयी हैं।
मान्यता प्राप्त बोर्ड से भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और अंग्रेजी विषयों के साथ 10 2 या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और चिकित्सीय स्वस्थता संबंधी शर्तें पूरी करने पर आवेदन कर सकते हैं। नीट-यूजी 2026 में शामिल अभ्यर्थियों को वरीयता दी जायेगी। सीटें रिक्त रहने पर निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया एवं आरक्षण मानदंडों के अनुसार 10 2 में भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट से सीटें भरी जायेंगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 शाम पांच बजे तक है। अंतिम मेरिट सूची 27 अक्टूबर तथा अंतिम मेरिट एवं प्रतीक्षा सूची 30 अक्टूबर को जारी की जायेगी। काउंसलिंग 12-13 नवंबर और 18-19 नवंबर को होगी, जबकि कक्षाएं 30 नवंबर से शुरू होंगी।
