मैसूरु, (वार्ता) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को स्पष्ट रूप से कहा कि वह पद पर बने रहेंगे और आगामी राज्य बजट प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने दोहराया कि नेतृत्व परिवर्तन या मंत्रिमंडल फेरबदल पर किसी भी निर्णय का अधिकार पूरी तरह कांग्रेस हाईकमान के पास है।
मैसूरु हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बात करते हुए श्री सिद्धारमैया ने उन अटकलों को खारिज कर दिया, जो कई कांग्रेस विधायकों के दिल्ली दौरे के बाद शुरू हुई थीं। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक मामलों पर केंद्रीय नेतृत्व का निर्णय अंतिम होता है और पार्टी के सभी सदस्यों को इसका पालन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने यह भी कहा कि वह शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिलने की योजना बना रहे हैं।
