
सीधी। जिले के कमर्जी थानांतर्गत ग्राम हटवा खास में गुरुवार सुबह एक किशोर का शव फांसी पर लटका मिला। जानकारी के अनुसार सूरज साकेत पिता भागीरथ साकेत उम्र 16 वर्ष बुधवार रात को परिवार के साथ खाना खाकर सोया था। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं आया, तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के सदस्यों ने कमरे में जाकर देखा, तो सूरज फांसी पर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। परिजनों ने तत्काल कमर्जी थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। मृतक के पिता भागीरथ साकेत ने बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि उनके बेटे ने यह कदम क्यों उठाया। उन्होंने कहा कि सूरज ने रात में सामान्य रूप से खाना खाया था और उसका किसी से कोई विवाद भी नहीं था। परिवार के सदस्यों के अनुसार, सूरज ने कुछ समय पहले पढ़ाई छोड़ दी थी और अधिकतर समय घर पर ही रहता था। कमर्जी थाना प्रभारी इंद्राज सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस हत्या या आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
