
जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कंप्यूटर साइंस पाठ्यक्रम के लिए नए भवन का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर मंत्री सिंह ने कहा कि जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज का गौरवशाली इतिहास रहा है। इस
संस्थान से शिक्षा प्राप्त कर अनेक प्रतिभाओं ने देशभर में जबलपुर का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्थान भविष्य में भी अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाता रहेगा। यह भवन विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। भवन का निर्माण आगामी दो वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य है।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जबलपुर में महाकौशल प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की स्थापना की पहल शहर के विकास और तकनीकी शिक्षा के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे जबलपुर को तकनीकी शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाने के साथ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम संचालित करने के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक संस्थानों और आधुनिक अधोसंरचना के विकास से न केवल जबलपुर, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश की शैक्षणिक प्रगति में जबलपुर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भवन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का आग्रह किया गया, ताकि यह भवन संस्थान की पहचान बने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम में विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रयासों से जबलपुर में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में शहर को विकास के नए स्वरूप में देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में महाकौशल तकनीकी विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा भी जबलपुर और महाकौशल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व कन्या पूजन से किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, जेईसी के
प्राचार्य राजीव चांडक सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
