
कटनी। कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज पर टिकट चेकिंग के दौरान टीसी और एक यात्री के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे रेल प्रशासन की चेकिंग व्यवस्था और कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बिना टिकट यात्री से विवाद और रसीद काटने की चर्चा
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 4 बजे स्टेशन ब्रिज के ऊपर की बताई जा रही है। आरोप है कि चेकिंग के दौरान यात्री के पास टिकट नहीं मिलने पर टीसी और यात्री के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बात धक्का-मुक्की और अभद्रता तक पहुँच गई।
सूत्रों के मुताबिक, विवाद के दौरान यात्री से कथित तौर पर माफीनामा लिखवाया गया। इसके बाद उसके नाम पर ₹510 और ₹1,000 की दो अलग-अलग रसीदें बनाए जाने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इन रसीदों और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
रेल प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
वीडियो वायरल होने के बाद यात्रियों के बीच इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि नियम पालन कराना अपनी जगह है, लेकिन यात्रियों के साथ व्यवहार मर्यादित होना चाहिए। फिलहाल इस मामले पर रेलवे प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मामले की जांच का इंतजार है।
