
ग्वालियर। जयारोग्य चिकित्सालय के डीन डॉ. आरके धाकड़ के साथ कथित थप्पड़ मारने की घटना को लेकर नर्सिंग छात्र संगठन ने नाराजगी जताई है। संगठन ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। नर्सिंग छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष उपेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ किसी भी तरह की हिंसा स्वीकार्य नहीं है।
डॉ. धाकड़ मरीजों की सेवा और अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए काम करते रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सेवा भावना भी सराहनीय है। ऐसे में चिकित्सकों के सम्मान और सुरक्षा को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए। साथ ही अस्पतालों में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि वे बिना किसी भय के मरीजों का उपचार कर सकें।संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती है तो लोकतांत्रिक तरीके से ज्ञापन सौंपकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
