

नर्मदापुरम। भारत की संस्कृति सदियों से महिला प्रधान रही है। यत्र नार्यस्तु पूज्यंते तत्र रमंते देवता जैसी सूक्तियां इस बात को प्रमाणित करती हैं कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवता का निवास होता है। इसी सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करता हुआ मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग का नवाचार ’होटल अमलतास,’ महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
06 दिसंबर 2024 में प्रारंभ की गई अमलतास होटल का पूरा स्टाफ महिला है। मप्र पर्यटन विभाग के इस नवाचार के चलते महिलाओं के प्रति लोगों की अवधारणाएं भी बदल रही हैं। इस होटल में महिला गार्ड से लेकर, कुक, गार्डनर, शेफ, चौकीदारी, मैनेजर सहित अन्य 22 महिला काम करती हैं। यह होटल न केवल महिलाओं को रोजगार प्रदान कर रहा है, बल्कि एक सुरक्षित और आत्मनिर्भर वातावरण भी उपलब्ध करा रहा है जहां महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं।
घर जैसी अनुभूति, कार्य में आत्मविश्वास
अमलतास होटल की मैनेजर ज्योति जायसवाल कहना है कि जिस तरीके से महिलाएं घर को संभालती हैं, उसी तरह हम लोगों ने होटल को सजा सवारकर और सुंदर बनाकर रखा है जिससे कोई भी पर्यटक यहां आए तो वह खुश होकर जाए। इस होटल को पूरी तरह से महिलाएं चला रही हैं। पर्यटकों को घर की तरह ही सारी सुविधाएं दी जाती है। वेटर सुनीता शर्मा बताती है कि हमें यहां घर जैसा माहौल लगता है। सभी पर्यटकों को भी घर जैसा खाना मिलता है। उन्हें भी यहां घर जैसा ही फील होता है, और हमें भी कार्य करने में किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं आती। अमलतास होटल की शेफ कुंती ने बताया कि यह होटल प्योर वेज होटल है। यहां साउथ इंडियन खाना भी मिलता है। टूरिस्ट भी हमारे खाने की तारीफ करते हैं। यहां की खास डिस बड़ा सांभर, इडली और डोसा है।
रोजगार का सशक्त माध्यम
होटल की रिसेप्शनिस्ट आलिया फातिमा बताती है कि मध्य प्रदेश टूरिज्म ने महिलाओं के लिए ये एक बहुत अच्छी पहल की है, इससे हमें बहुत खुशी है। कई महिलाएं घरों से निकल नहीं पाती हैं लेकिन हम लोगों को यहां काम करने का मौका मिला है। हमारे लिए रोजगार का ये एक अच्छा अवसर है जिससे हमारे घरों की स्थिति में सुधार आया है।
आत्मविश्वास, सुरक्षा और सुविधा का समन्वय
अमलतास होटल की गार्ड सरिता चौधरी बताती है कि ‘मैं होटल अमलतास में सितंबर से काम कर रही हूं। रात की ड्यूटी पर यहां रहती हूं। अभी तक किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई है। जो भी गेस्ट आते हैं उनकी जरूरत के सामान हम उपलब्ध कराते हैं। रात में हमें कोई परेशानी नहीं होती है।
