
छतरपुर। बुंदेलखंड सहित पूरे देश में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच ज्येष्ठ माह के पांचवें मंगलवार को बागेश्वर धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान रहने के बावजूद लाखों श्रद्धालु बालाजी सरकार के दर्शन और विशेष पेशी में शामिल होने के लिए धाम पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लग गई थीं। श्रद्धालुओं ने दर्शन, पूजन और परिक्रमा कर अपनी अर्जी बालाजी सरकार के चरणों में अर्पित की।
इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का एक प्रमुख कारण बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की धाम में मौजूदगी भी रही। बद्रीनाथ प्रवास और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद उनके बागेश्वर धाम लौटने से भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया। दूर-दराज राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे।
भीषण गर्मी को देखते हुए धाम प्रबंधन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। परिसर में कूलर, पंखे, वाटर कूलर और पेयजल की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परिक्रमा मार्ग पर गीली जूट की चटाइयां बिछाई गई हैं ताकि श्रद्धालुओं को गर्म जमीन से राहत मिल सके। इसके अलावा श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए विशाल शेड का निर्माण भी किया जा रहा है।
बढ़ती भीड़ के बीच धाम में सुरक्षा, पेयजल और आवास संबंधी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि आस्था के आगे मौसम की कठिनाइयां भी फीकी पड़ जाती हैं।
