
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि प्रदेश में आज किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए कृषि भूमि के अधिग्रहण पर मुआवजा बढ़ा कर चार गुना किया जा रहा है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन बताया।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि कृषि भूमि के भू-अर्जन पर लागू मल्टीफिकेशन फैक्टर को बढ़ाकर 2.0 कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद किसानों को अब बाजार दर के मुकाबले चार गुना तक मुआवजा मिलेगा, जो पहले की तुलना में अधिक लाभकारी है।
यह नया प्रावधान पूरे प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में लागू होगा, जिससे बड़ी संख्या में किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं, मंत्रिपरिषद ने नगरीय क्षेत्रों के लिए मुआवजा गुणन कारक को यथावत 1 ही बनाए रखने का निर्णय लिया है।
सरकार का मानना है कि इस फैसले से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों के हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
