शिवपुरी: शहर के देहात थाना क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार कार ने दो युवकों को टक्कर मार दी। चालक शराब के नशे में था और टक्कर के बाद एक युवक को काफी दूर तक घसीटता ले गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। नीलगढ़ चौराहा पुरानी शिवपुरी निवासी 19 वर्षीय अमन चौहान अपने साथी अनस खान के साथ सुभाष पार्क से आइसक्रीम लेकर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान कटरा मोहल्ला की ओर से आ रही एक सफेद रंग की वैगनआर कार ने दोनों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक अनस खान को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। इस हादसे में अनस गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।हादसे में अमन चौहान भी साइड में गिर गया, जिससे उसे हाथ, पैर, कंधे और कमर में चोटें आई हैं। दोनों युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
