भोपाल। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में कुलगुरु प्रो. दीनदयाल बेदिया ने सुबह विश्वविद्यालय के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कुलगुरु ने बालिका छात्रावास, अधिकारी आवास परिसर और शारीरिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्थित मेजर ध्यानचंद खेल परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने इन स्थानों पर मौजूद व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सुरक्षा प्रभारी, स्वच्छता कर्मचारियों तथा संबंधित अधिकारियों से चर्चा की।
निर्धारित स्थानों पर ही पार्किंग के निर्देश
कुलगुरु प्रो. बेदिया ने परिसर में वाहनों की पार्किंग को व्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं। खेल मैदानों और खुले स्थानों को अनावश्यक रूप से वाहनों से मुक्त रखा जाए, ताकि इनका उपयोग सुचारू रूप से हो सके। इससे परिसर में आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलने के साथ सुरक्षा और सुंदरता भी बनी रहेगी।
पूर्व विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों से सहयोग की अपील
प्रातःकालीन भ्रमण के दौरान कुलगुरु ने विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों, पूर्व एसोसिएशन सदस्यों और गणमान्य नागरिकों से भी चर्चा की। इस दौरान डॉ. संतोष कटियार, सीए पीयूष अग्रवाल, मनोज अग्निहोत्री, संजीव दुबे, अरविंद कुमार और पुलिस अधिकारी संजय जैन सहित कई वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ, हरित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया। कुलगुरु ने सभी से विश्वविद्यालय के विकास, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में सकारात्मक सहयोग देने की अपील की।
एलुमनाई के सहयोग से आगे बढ़ेंगे विकास कार्य
विश्वविद्यालय में पूर्व विद्यार्थियों से संबंधित कार्य देख रहे डॉ. कपिल सोनी को भी इस पहल से जुड़ी गतिविधियों के समन्वय के लिए चर्चा में शामिल किया गया। कुलगुरु ने उन्हें पूर्व विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा परिसर के विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
व्यवस्थित पार्किंग से नागरिकों को मिलेगी सुविधा
विश्वविद्यालय परिसर में नियमित रूप से भ्रमण करने वाले नागरिकों ने पार्किंग और आवाजाही को व्यवस्थित करने की पहल की सराहना की। उनका कहना है कि निर्धारित स्थानों पर वाहनों की पार्किंग होने से आवागमन अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो सकता है। इससे वरिष्ठ नागरिकों सहित परिसर में आने वाले अन्य लोगों को भी राहत मिलेगी।
कुलगुरु प्रो. दीनदयाल बेदिया की इस पहल का उद्देश्य विश्वविद्यालय में स्वच्छता, अनुशासन, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की संस्कृति को बढ़ावा देना है। विश्वविद्यालय प्रशासन इन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों, शिक्षकों, पूर्व विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों के सहयोग से परिसर को अधिक स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने की दिशा में प्रयास कर रहा है।
