सिंगरौली: निवास पुलिस चौकी ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए महुआ गांव के जंगल मार्ग में घेराबंदी कर एक डस्टर कार से 27 पेटी देशी-विदेशी शराब जब्त की। जब्त शराब और वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से बैढ़न निवासी एशिएन सिंह (21) और तियरा निवासी मनीष पनिका (26) को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट 34(2) के तहत मामला दर्ज किया।
कार्रवाई एसडीओपी गायत्री तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया और चौकी प्रभारी प्रियंका सिंह बघेल के नेतृत्व में की गई। सूत्रों के अनुसार जिले में अवैध शराब सप्लाई का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, कारोबारी हथियारों से लैस होकर अलग वाहन में चलते हैं। पुलिस अब मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी है।
