भोपाल: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ के पहले चरण की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन से होगी। यह पदयात्रा 5 नवंबर तक उज्जैन, शाजापुर, राजगढ़ और गुना जिलों के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।भगवान महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन से भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या की दिशा में प्रस्तावित इस यात्रा का शुभारंभ महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा। इसके बाद नरसिंह घाट के समीप आयोजित कार्यक्रम में मिट्टी के शिवलिंगों का निर्माण एवं पूजन, धार्मिक अनुष्ठान, कन्या भोज और सामूहिक भोज का आयोजन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यात्रा तराना, शाजापुर, सारंगपुर, राजगढ़, चाचौड़ा और बीनागंज होते हुए 5 नवंबर को राघौगढ़ स्थित पटाई आश्रम पहुंचेगी। दीपावली पर्व के दौरान यात्रा में पांच दिन का विराम रहेगा।आयोजकों के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य सत्य, न्याय, करुणा, नैतिक आचरण और स्वाभिमान के मूल्यों को बढ़ावा देना है। साथ ही, धार्मिक स्थलों पर प्राप्त दान और चढ़ावे के उपयोग में पारदर्शिता तथा जवाबदेही के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।आयोजकों ने संतों, धर्माचार्यों, श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों से यात्रा का स्वागत करने तथा इसके कार्यक्रमों में भागीदारी करने की अपील की है।
