
इंदौर. महू की सुपरसिटी कॉलोनी स्थित एक बंद मकान से आबकारी विभाग ने 234 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की है. जब्त शराब की कीमत करीब 1.17 लाख रुपए है. मौके से मसाला शराब की 11 और प्लेन शराब की 15 पेटियां मिलीं. शराब रखने वाला अमन राय मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है. आबकारी विभाग को बुधवार सुबह सूचना मिली थी कि शांति नगर स्थित मकान नंबर 28 डी में बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी है. सूचना पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी पवन टीकेकर, निधि शर्मा और आबकारी उपनिरीक्षक जयेश वास्केल की टीम ने मकान की तलाशी ली. यहां से 234 बल्क लीटर शराब बरामद हुई.
यह जानकारी आबकारी अधिकारी मनोज अग्रवाल ने मीडिया को दी. उन्होंने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के लिए 12 विशेष टीमें गठित की गई हैं. टीमें इंदौर शहर, ग्रामीण क्षेत्र और सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर तैनात हैं. अधिकारियों ने रातभर फील्ड में रहकर वाहनों की जांच की. इन टीमों ने एक दिन में अवैध ढाबों और अवैध शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ करीब 40 प्रकरण बनाए. कार्रवाई के दौरान कई लोगों को गिरफ्तार किया गया और करीब 300 लीटर मदिरा जब्त की गई. अग्रवाल ने बताया कि जब्त शराब के स्रोत की जांच में समय लगता है.
अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा
आबकारी अधिकारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान जब्त वाहन के संबंध में संबंधित राज्य या जिले से जानकारी ली जाती है, जबकि शराब के बैच नंबर से संबंधित डिस्टलरी की जानकारी जुटाई जाती है. एक ही बैच की बड़ी मात्रा में शराब अलग-अलग जिलों और दुकानों तक पहुंचती है, इसलिए सटीक स्रोत तक पहुंचने में समय लगता है. विभाग जांच पूरी कर अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करता है. उन्होंने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ विभाग ने अभियान तेज किया है. इसके लिए 12 विशेष टीमें बनाई गई हैं, जो शहर, ग्रामीण क्षेत्र और एंट्री पॉइंट्स पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं. अभियान आगे भी जारी रहेगा.
