इंदौर: शहर के शिवसागर कॉलोनी स्थित गमले वाली पुलिया के पास रहने वाले 81 वर्षीय दिगंबर कोपरगांवकर का नेत्र, त्वचा एवं देहदान संपन्न हुआ. अपने पिता की अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए कोपरगांव परिवार ने दुख की घड़ी में भी परोपकार का संदेश देते हुए समाज में मानवता की मिसाल कायम की.मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के तहत, देहदान के समय मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा दिवंगत को गार्ड ऑफ ऑनर देकर राज्य शासन की ओर से सम्मानित किया. दिवंगत का नेत्रदान एम.के. इंटरनेशनल आई बैंक में, त्वचा दान चोइथराम स्किन बैंक के माध्यम से तथा देहदान श्री अरविंदो मेडिकल कॉलेज में किया.
समन्वय सेवा उनके पुत्र प्रसाद कोपरगांवकर द्वारा की गई. उनके इस कदम से दृष्टिहीन व्यक्तियों को नई रोशनी मिलेगी और जले हुए रोगियों के उपचार में उनकी त्वचा का उपयोग किया जाएगा, वहीं मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी उनके शरीर से एनाटॉमी स्टडी में महत्वपूर्ण ज्ञान प्राप्त करेंगे. पिछले 10 दिनों में प्रदेशभर में 8 देहदान संपन्न हो चुके हैं. जिसके चलते शासन के इस सम्मान ने समाज में दान के प्रति नई चेतना जगाई है.
