
रीवा। मजार में तोडफ़ोड़ कर धार्मिक झंडा फहराने के मामले में गुढ़ पुलिस ने चार आरोपियो को गिरफ्तार किया है. गुढ़ थाना अन्तर्गत गोरगी गांव में एक मजार में तोडफ़ोड़ कर धार्मिक झंडा फहराये जाने के बाद तनाव का माहौल पैदा हो गया था. शुक्रवार की रात सरारती तत्वो ने गाजी मिया की मजार को निशाना बनाया था. मजार में तोडफ़ोड़ कर भगवा झंडा फहरा दिया था. तनाव की स्थित को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जल्द ही दोषियो को पकडऩे का आश्वासन देने के साथ शांति बनाए रखने की अपील की थी.
शनिवार की सुबह घटना सामने आने के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा था. हरकत में आई पुलिस ने फरार आरोपियो की तलाश शुरू की. बताया गया है कि मजार के देख रेख करने वाले मो0 रफीक खान निवासी बिछिया थाना सिटी कोतवाली ने मजार में तोडफ़ोड़ की शिकायत की थी. अज्ञात व्यक्तियो के खिलाफ शिकायत के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की और मुखबिर से मिली सूचना पर चार आरोपियो को धरदबोचा. गिरफ्तार आरोपियो में सुनील चौरसिया, सतीश चौरसिया, संदीप चौरसिया, सुधाकर उर्फ बाबा चौरसिया गुढ़ को धारा 298 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है. इस संबंध में थाना प्रभारी शैल यादव ने बताया कि गोरगी स्थित मजार में तोडफ़ोड़ करने वाले चार आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूंछताछ के बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया.
