सतना : जिला चिकित्सालय रोड पर पिछले 3 दिनों से जारी अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच एसडीएम सिटी, सिविल सर्जन और डीएसपी ट्रैफिक की अगुआई में गुरुवार को अस्पताल में बैठक ली गई. जिसमें यह निर्णय लिया गया कि अस्पताल परिसर में खड़ी रहने वाली 108 एंबुलेंस को खोवा मण्डी में स्थानांतरित किया जाएगा.
जिला चिकित्सालय परिसर में व्यवस्थित यातायात बनाए रखने को लेकर अस्पताल के सभागार में गुरुवार को एक बैठक आयोजित हुई. एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिय़ा और सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में उप पुलिस अधीक्षक यातायात संजय खरे और लेखापाल जिला चिकित्सालय संतोष त्रिपाठी सहित अस्पताल का स्टॉफ मौजूद रहा.
बैठक के दौरान जिला अस्पताल परिसर में 108 एंबुलेंस खड़ी रहने के कारण यातायात व्यवस्था में बाधा होने की समस्या प्रमुख तौर पर सामने आई. जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया कि जिला अस्पताल को एलॉट कुल 8 एंबुलेंस अस्पताल परिसर के बजाए अब खोवा मण्डी में खड़ी होंगी. जिला अस्पताल के मुख्य गेट से प्रवेश करने और मरीज को उतारने के बाद सारीे 108 एंबुलेंस सीधे खोवा मण्डी में जाकर खड़ी होंगी. इसी कड़ी में यह निर्देश भी दिए गए कि किसी भी मरीज को अस्पताल से ले जाने के लिए संबंधित एंबुलेंस उसी दौरान परिसर में प्रवेश करेंगी और मरीज को एंबुलेंस में रखने के बाद वे अस्पताल के पिछले गेट से होते हुए बाहर निकलेंगी. इसी कड़ी में एसडीएम ने यह निर्देश भी दिए कि परिवहन विभाग की मदद से सभी एंबुलेंस की जांच की जाएगी और गड़बड़ी पाए जाने पर उनके पंजीकरण रद्द कर दिए जाएंगे.
ग्रीन कोरिडोर पर विचार
बैठक में डीएसपी संजय खरे द्वारा जिला चिकित्सालय तक पहुंचने वाले एक रास्ते को ग्रीन कोरीडोर बनाए जाने की योजना का विचार भी प्रस्तुत किया. जिसके अनुसार शा. व्यंकट क्र. 2 विद्यालय परिसर के बगल से होकर जाने वाली सडक़, जो कि सीधे कन्या महाविद्यालय के सामने पहुंचती है, उसका इस्तेमाल ग्रीन कोरिडोर के तौर पर करने का सुझाव दिया गया. इसी कड़ी में अधिकारियों द्वारा आस पास के क्षेत्र का स्थल निरीक्षण भी किया गया. वहीं खोवा मण्डी को 108 एंबुलेंस पार्किंग के लिए आरक्षित किए जाने से संबंधित पोस्टर भी चिपका दिया गया
