मोरक्को और भारत ने रक्षा सहयोग बढाने के लिए किया समझौता

नयी दिल्ली 22 सितम्बर (वार्ता) मोरक्को यात्रा पर गये रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को वहां के रक्षा मंत्री अब्देलतीफ़ लौदियी के साथ रबात में द्विपक्षीय बैठक की जिसके बाद दोनों देशों ने रक्षा सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

श्री सिंह ने द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत बनाने के लिए रबात स्थित भारतीय दूतावास में नई रक्षा शाखा खोलने की घोषणा की

रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि यह समझौता ज्ञापन दोनों देशों के बीच बढ़ती साझेदारी के लिए मज़बूत संस्थागत ढांचा प्रदान करने के साथ-साथ रक्षा उद्योग, संयुक्त अभ्यास, सैन्य प्रशिक्षण तथा क्षमता निर्माण में सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगा।

दोनों नेताओं ने रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग को और अधिक मज़बूत करने का निर्णय लिया तथा आतंकवाद-रोधी, समुद्री सुरक्षा, साइबर रक्षा, शांति अभियानों, सैन्य चिकित्सा और विशेषज्ञों के आदान-प्रदान को शामिल करते हुए एक व्यापक रोडमैप पर सहमति व्यक्त की। दोनों मंत्रियों के बीच यह चर्चा भारत और मोरक्को के बीच दीर्घकालिक मित्रता को और मज़बूत करने के साझा संकल्प को दर्शाती है।

रक्षा मंत्री ने इन पहलों को गति देने के लिए रबात स्थित भारतीय दूतावास में एक नयी रक्षा शाखा के उद्घाटन की घोषणा की। उन्होंने भारत के रक्षा उद्योग की परिपक्वता और ड्रोन तथा ड्रोन-रोधी प्रौद्योगिकी सहित इसकी अत्याधुनिक क्षमताओं पर भी प्रकाश डाला और मोरक्को को आश्वस्त किया कि भारतीय कंपनी उसके रक्षा बलों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

दोनों मंत्रियों ने सशस्त्र बलों के बीच आदान-प्रदान बढ़ाने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सुगम बनाने और रक्षा क्षेत्र में सह-विकास एवं सह-उत्पादन के अवसरों का पता लगाने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए बहुपक्षीय सहयोग की आवश्यकता पर भी बल दिया और हिंद महासागर तथा अटलांटिक गलियारों के सामरिक महत्व को देखते हुए समुद्री सुरक्षा में घनिष्ठ समन्वय का स्वागत किया।

रक्षा मंत्री ने रक्षा सहयोग के विस्तार पर चर्चा के लिए श्री लौदिये को भारत आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। यह बैठक द्विपक्षीय रक्षा संबंधों में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है जो भारत और मोरक्को के बीच सामरिक हितों के बढ़ते तालमेल को दर्शाती है।

Next Post

रक्षा क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने के लिए शिक्षा, स्टार्टअप और उद्योग जगत की भूमिका महत्वपूर्ण : जनरल चौहान

Mon Sep 22 , 2025
नयी दिल्ली 22 सितम्बर (वार्ता) प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने युद्ध के बदलते स्वरूपों के बीच भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए विमानों, युद्धपोतों, हथियारों, नेटवर्क और रक्षा सिद्धांतों के क्षेत्र में स्वदेशी क्षमताओं को विकसित करने के लिए शिक्षा, स्टार्टअप और उद्योग जगत की भूमिका […]

You May Like