
बरगवां। अवैध कबाड़ के परिवहन के खिलाफ बरगवां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक को जप्त किया है। पुलिस ने वाहन से बड़ी मात्रा में पुराना और क्षतिग्रस्त लोहे का सामान बरामद किया है। कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आज मंगलवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोरबी की ओर से मिनी ट्रक वाहन क्रमांक एमपी 53 जीए 3061 में अवैध कबाड़ लोड कर बरगवां होते हुए सीधी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने बरगवां में घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में पुराने कूलर, क्षतिग्रस्त साइकिलें, लोहे की चादर, प्लेट, पाइप, सरिया, लोहे की तगाड़ी, टीन, चांदी जैसे दिखने वाले तार, बीयर के डिब्बे सहित अन्य कबाड़ मिला। पुलिस ने चालक लवकुश कोल उम्र 40 वर्ष निवासी चंदवाही, थाना बहरी, जिला सीधी से कबाड़ से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने करीब 20 हजार रुपये कीमत का कबाड़ और 8 लाख रुपये कीमत का मिनी ट्रक जप्त कर इस्तगासा क्रमांक 02/2026 धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल कुमार पटेल, सउनि रामचरण सतनामी, आरक्षक महेश पटेल, शेर सिंह और राजन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
