पुतला दहन के दौरान आग भडक़ने से यातायात प्रभारी झुलसे

सतना : जिला कांग्रेस कमेटी मैहर के पदाधिकारियों और कार्यकत्र्ताओं द्वारा नगरीय विकास मंत्री के पुतले का दहन करते हुए विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था. लेकिन इसी दौरान भडक़ी आग की चपेट में आकर यातायात थाना प्रभारी बुरी तरह झुलस गए. घायल उनि का उपचार अस्पताल में जारी है. वहीं पुलिस द्वारा वीडियो फुटेज के आधार पर 4 नामजद सहित अन्य लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी मैहर के अध्यक्ष धर्मेश घई द्वारा अनुविभागीय अधिकारी मैहर को आवेदन देकर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन करने की अनुमति मांगी गई थी. इसी कड़ी में शुक्रवार की सुबह लगभग साढ़े 9 बजे जिला कांग्रेस कमेटी मैहर के पदाधिकारी और कार्यकत्र्ता उस्ताद अलाउद्दीन खां चौराहे पर एकत्र हो गए. विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निबटने के लिए वहां पर पुलिस बल भी तैनात था.

कांग्रेसियों द्वारा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के प्रभाव, किसानों और छोटे व्यापारियों के हित, जहरीली कफ सीरप से बच्चों की मौत के साथ-साथ राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की नेता प्रतिपक्ष पर कथित टिप्पणी को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया गया. विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकत्र्ता वहां पर नगरीय विकास मंत्री के नाम का एक पुतला लेकर पहुंच गए और उसके दहन की कवायद शुरु कर दी. यह देखतमे ही वहां पर मौजूद पुलिस बल सक्रिय हो गया.

पुतले को लेकर पुलिस और कांग्रेसियों के बीच झूमाझटकी शुरु हो गई. पुतले को अपने कब्जे में लेने के लिए पुलिस और कार्यकत्र्ताओं की झूमाझटकी जारी ही थी कि अचानक किसी ने पेट्रोल छिडक़कर आग लगा दी. देखते ही देखते आग भडक़ उठी और वहां पर मौजूद यातायात थाना प्रभारी विक्रम पाठक उसकी चपेट में आ गए. वर्दी के पिछले हिस्से में आग लगी देख यातायात प्रभारी ने भागते हुए उसे बुझाने का प्रयास किया. वहीं आग लगी देख पुलिसकर्मी भी यातायात प्रभारी के पीछे-पीछे दौड़ पड़े. आनन-फानन में कपड़े की व्यवस्था करते हुए आग बुझाई गई.

जिसके फौरन बाद ही उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल मैहर ले जाया गया. घटना की जानकारी मिलने पर जिला कलेक्टर मैहर रानी बाटड, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह और सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए. इस दौरान यातायात प्रभारी से कुशल क्षेम पूछते हुए चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी अपडेट लिया. आग लगने से उनि की पीठ, कूल्हा, जांघ और दाएं हाथ का हिस्सा काफी झुलस गया. उनकी स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय अथवा जबलपुर के लिए रेफर किया जा सकता है.
 दोषियों के विरुद्ध होगी कार्रवाई
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कलेक्टर रानी बाटड ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान यह घटना हुई. मामले की जांच की जा रही है, इसके लिए जो भी जिम्मेदार पाए जाएंगे उनके विरुद्ध कार्रवाई होगी. इसी कड़ी में एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि जिम्मेदारों को इतना समझना चाहिए कि सार्वजनिक प्रदर्शनों में पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग न हो.

अचानक भडक़ी आग आमजन को नुकसान पहुंचा सकती है. घटना का संज्ञान लेते हुए वीडियो फुटेज और गवाहों के आधार पर 4 नामजद सहित अन्य लोगों पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं इस मामले में विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी ने पुतला दहन की निंदा करते हुए कहा कि प्रदर्शन सांकेतिक और मर्यादित होना चाहिए. ऐसा प्रदर्शन जिससे किसी को क्षति हो, पूर्णत: अनुचित है

Next Post

जिला चिकित्सालय का हुआ फाइनल असेसमेंट

Sat Feb 21 , 2026
सतना :मिशन कायाकल्प के अंतर्गत शुक्रवार को जिला चिकित्सालय का फाइनल असेसमेंट हुआ. इस दौरान 3 सदस्यीय दल ने व्यवस्थाओं का बारीकी से मुआयना किया. असेसमेंट की रिपोर्ट सीधे राज्य शासन को भेज दी गई.उपसंचालक क्वालिटी भोपाल डॉ. पंकज बुधौलिया के साथ-साथ शिवपुरी जिला चिकित्सालय की चिकित्सक डॉ. शकीला अंसारी […]

You May Like