सतना :अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर बुधवार को मॉडल शिक्षा समिति द्वारा सोनौरा में संचालित वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठजनों को उनकी आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण श्रवण यंत्र, कैलीपर्स, वाकर एवं स्टिक का वितरण भी किया गया।सामाजिक सुरक्षा समग्र अधिकारी अनिल त्रिपाठी ने कहा कि वृद्धजनों का ज्ञान और उनका अनुभव समाज के लिए एक अमूल्य धरोहर के रूप में होता है।
जिससे प्रेरणा लेकर आने वाली पीढी अपने सुखद भविष्य और प्रगति का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि एक शांत और स्वस्थ वातावरण में यहां रह रहे बुजुर्गजन एक-दूसरे के दुख-सुख में परिवार की तरह सहभागी होते हैं। उन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनायें देते हुए बुजुर्गजनों को दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी डीआरसी मोहित सिंह बघेल, लेखपाल उमाशंकर गौतम, मोतीलाल साकेत, रामभवन शुक्ला, वृद्धाश्रम संचालिका श्रीमती कमलेश सिंह, कृष्ण प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
