नौकरी के बदले नकदी घोटाले में कोलकाता में ईडी की छापेमारी

कोलकाता, 28 अक्टूबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल में विभिन्न नगर निकायों में नौकरियों के लिये नकदी के लेन-देन की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को बेलेघाटा शहर के पूर्वी हिस्से में व्यवसायी बंधुओं की दो संपत्तियों पर नये सिरे से तलाशी अभियान शुरू किया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

ईडी अधिकारियों ने केंद्रीय सशस्त्र बलों के साथ मिलकर बिश्वजीत चौधरी और रंजीत चौधरी की संपत्तियों की तलाशी शुरू की। बिस्वजीत चौधरी कपड़ा व्यापारी हैं और रंजीत चौधरी रियल एस्टेट प्रमोटर हैं।

केंद्रीय सशस्त्र बल जब उनके आवास के बाहर तैनात थे तो उसी दौरान महिला अधिकारियों सहित ईडी टीम बेलेघाटा हेमचंद्र नस्कर रोड स्थित परिसर के अंदर दाखिल हुई।

सूत्रों ने बताया कि ईडी का यह तलाशी अभियान 10 अक्टूबर को नगर निकायों में नियुक्तियों में अनियमितताओं के मामले में की गयी छापेमारी के बाद कुछ नयी जानकारी मिलने के बाद शुरू हुआ।

सूत्रों ने बताया कि ईडी की छापेमारी वित्तीय लेन-देन या कर चोरी के मामले का पर्दाफाश करने के लिए की जा रही है।

एजेंसी को इस परिवार के वित्तीय लेन-देन में अनियमितताओं या मनी लॉन्ड्रिंग का संदेह है। सूत्रों ने बताया कि ईडी की टीमें शहर और उसके आसपास कुछ अन्य ठिकानों पर भी तलाशी ले रही हैं।

एजेंसी ने 10 अक्टूबर को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पश्चिम बंगाल के मंत्री सुजीत बोस के आवास और रेस्टोरेंट के अलावा छह अन्य ठिकानों पर तलाशी ली थी, जिनमें कोलकाता के पास उत्तर 24 परगना जिले के लेट टाउन इलाके में उनके बेटे समुद्र बोस का बार-कम-रेस्तरां भी शामिल था।

इसके बाद ईडी ने कांकुरगाछी में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के आवास की भी तलाशी ली और तलाशी अभियान में आपत्तिजनक दस्तावेज और 40 लाख रुपये से अधिक की नकदी जब्त की।

 

 

Next Post

बंगलादेश में पिछले 24 घंटों में डेंगू के 983 नए मामले, छह और मरीजों की मौतें

Tue Oct 28 , 2025
ढाका, 28 अक्टूबर (वार्ता) बंगलादेश में पिछले 24 घंटों में डेंगू के 983 नए मामले सामने आए और छह और लोगों की मौत हुई है। देश भर के विभिन्न अस्पतालों में लगभग 2,800 डेंगू के मरीज इलाज करा रहे हैं। इस साल अब तक डेंगू के कुल मामलों की संख्या […]

You May Like