इंदौर: इंदौर में 3 मई को होने वाली नीट त्र परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं. तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एसीएस अनुपम राजन ने की.इंदौर से कलेक्टर शिवम वर्मा सहित पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विभागों के अधिकारी इसमें शामिल हुए. जिले में इस बार परीक्षा के लिए कुल 57 केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 23,160 परीक्षार्थी शामिल होंगे. सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जनरेटर लगाए गए हैं.
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए एआईसीटीएसएल की बसें सुबह 9 बजे से बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से चलाई जाएंगी. ये बसें सांवेर, आईआईटी सिमरोल, आईआईएम और महू तक जाएंगी और परीक्षा के बाद शाम 5 बजे वापस लौटेंगी. सुरक्षा के लिहाज से सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. हर केंद्र पर मेडिकल स्टाफ मौजूद रहेगा, जबकि पांच केंद्रों पर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी. दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही, अभिभावकों के लिए केंद्रों के बाहर टेंट और पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई है.
किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें
प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें. सभी केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे और उड़नदस्ते लगातार निगरानी करेंगे. परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सामग्री को बैंक लॉकर से केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए पुलिस एस्कॉर्ट की व्यवस्था की गई है परीक्षार्थियों की जांच (फ्रिस्किंग) एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी. कलेक्टर शिवम वर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे आपसी समन्वय के साथ काम करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें
