
शाजापुर। नगर का मौसम फिर सर्द हो चला है और लोगों को दिनभर ठिठुरना पड़ रहा है. क्योंकि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण फरवरी माह में दिसंबर सी सर्दी का एहसास हो रहा है. मौसम का यह हाल आगामी एक सप्ताह और जारी रह सकता है.
दरअसल, पंजाब व एमपी के ग्वालियर तरफ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण हुई बारिश ने यहां का मौसम बदल दिया है. यहां हुई तेज बारिश की वजह से चल रही उत्तर-पूर्वी हवाएं सर्दी का एहसास करा रही है, जबकि गत वर्ष इस समय तक हल्की गर्मी का एहसास होने लगा था, लेकिन इस साल सर्दी थमने का नाम नहीं ले रही है. उधर, बारिश थमती है और इधर मौसम फिर सामान्य हो जाता है, लेकिन वहां बारिश होते ही यहां सर्द हवाएं ठिठुरने पर मजबूर कर देती हैं. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि आगामी एक सप्ताह और मौसम ऐसा ही बना रहेगा. इसके बाद हो सकता है मौसम बदले.
कोहरे के कारण हुआ हादसा, एक की मौत
कोहरे के कारण अकोदिया-शुजालपुर स्टेट हाईवे 41 पर बुधवार सुबह एक कार और बाइक की भिड़ंत हो गई. इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो लोग घायल हो गए. घटना सुबह करीब 8.30 बजे की बताई जा रही है. मृतक की पहचान ईचावड़ा निवासी 25 वर्षीय इंद्र गिरी पिता गोकुल गिरी के रूप में हुई है. वह भीलखेड़ी जा रहा था. हादसे के बाद उसे तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद शुजालपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. कार में सवार कपालिया निवासी सचिन पाटीदार, उनकी पत्नी शीतल पाटीदार और उनकी दो साल की बेटी भी घायल हुए हैं.
सुबह कोहरा, दिन में सर्द हवाएं से रही ठिठुरन
दिसंबर और जनवरी माह में जिस तरह कोहरे के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. ठीक वैसा ही मौसम फरवरी माह में भी बना हुआ है. बुधवार सुबह भी नगर में घना कोहरा छाया रहा, जिसकी विजिबिलिटी भी काफी कम रही. सुबह करीब 9 बजे तक कोहरा छाया रहा. इसके बाद जब कोहरा छंटा, तो सर्द हवाओं ने डेरा डाल लिया, जिससे लोगों को दिनभर सर्दी से राहत नहीं मिल सकी. बुधवार को नगर का अधिकतम तापमान 25 व न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं पूरे दिन 15 किमी की रफ्तार से उत्तर-पूर्वी हवाएं चलती रही.
