कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर पर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, कश्यप के आरोपों पर पायलट का पलटवार

रायपुर, 25 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अभनपुर में चल रहे कांग्रेस के 10 दिवसीय जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप द्वारा प्रशिक्षण शिविर को लेकर लगाए गए आरोपों का कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कड़ा जवाब दिया है।

श्री कश्यप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी विचारधारा को ही भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में जिला अध्यक्षों को पार्टी की आइडियोलॉजी बताई जा रही है। कश्यप ने सवाल उठाया कि जब जिला अध्यक्षों को ही पार्टी की विचारधारा नहीं पता, तो उन्हें उस पद पर कैसे नियुक्त किया गया। उन्होंने इसे कांग्रेस की गुटबाजी और तुष्टिकरण की राजनीति का संकेत बताया।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा, “भाजपा नेताओं को अपने दल की चिंता करनी चाहिए। सरकार में रोज खींचतान हो रही है कौन आयेगा कौन जाएगा इस पर ध्यान देना चाहिए। भाजपा के षडयंत्रों को भांडाफोड़ कैसे करे इसकी प्रशिक्षण जिला अध्यक्ष को दे रहे हैं। सरकार के झूठे वादे को कैसे बेनकाब किया जाए इसकी ट्रेनिंग दी जा रही है।”

श्री पायलट ने कहा, “सरकार दिल्ली के आदेशों का ही पालन करती है। कांग्रेस जिला अध्यक्षों को ताकत और संगठनात्मक शक्ति दे रहे हैं। 14वां राज्य है जहां प्रशिक्षण हो रहा है। छग को निजी हाथों में देने के लिए सरकार जोर लगा रही है। ढाई साल चुनाव दूर है लेकिन जिला अध्यक्षों के माध्यम से बूथ तक कमेटी बनाकर सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।”

अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

Next Post

नीट पर कांग्रेस के आरोप राजनीति से प्रेरित, विद्यार्थियों के भविष्य से पार्टी कर रही है खिलवाड़ : भाजपा

Thu Jun 25 , 2026
देहरादून 25 जून (वार्ता) उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट परीक्षा को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद महेंद्र भट्ट ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस छात्रों के भविष्य की […]

You May Like