नयी दिल्ली, 06 फरवरी (वार्ता) लोकसभा में विपक्षी दलों का हंगामा शुक्रवार को लगातार पांचवे दिन भी जारी रहा जिसके कारण सदन नहीं चला और लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
पीठासीन अधिकारी कृष्ण प्रसाद तेन्नेटी ने एक बार के स्थगन के बाद दोपहर बारह बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू की, तो विपक्षी दलों के सदस्य नारेबाजी और हंगामा में करते हुए सदन के बीचों बीच आ गए। इस दौरान उन्होंने हंगामे के बीच ही जरूरी कागजात सदन के पटल पर रखवाए।
हंगामा कर रहे सदस्यों से उन्होंने अपनी सीटों पर जाने का आग्रह किया और कहा कि हंगामे के बीच वह सदन की कार्यवाही नहीं चला सकते है इसलिए सभी सदस्य शांत होकर अपनी सीटों पर बैठ जाए। लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी और हंगामा तेज होता गया जिसकी कारण उन्होंने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सदस्यों में भारी हंगामा किया। अध्यक्ष ओम बिरला ने हंगामे के बीच ही प्रश्नकाल चलाने का प्रयास किया लेकिन हंगामा तेज होता गया जिसके कारण उन्हें सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
