राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो वाहनों की टक्कर से तीन की मौत, छह घायल

बड़वानी, 06 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना कल देर रात ठीकरी थाना क्षेत्र के गोलानिया फाटा कट पॉइंट के पास हुई, जहां गलत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल की श्रमिकों से भरे पिकअप वाहन से आमने-सामने की टक्कर हो गई।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक रॉन्ग साइड से आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप वाहन पलट गया।

हादसे में मोटरसाइकिल सवार विनोद मुजालदे (19) और राजेश मुजालदे (22), दोनों निवासी ग्राम रसवा, थाना बलकवाड़ा, जिला खरगोन तथा पिकअप में सवार रोशनी सास्त्रे (20), निवासी समरतलाई, थाना ठीकरी की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में पिकअप में सवार रोशनी डावर (19) और केसरबाई (42) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य चार घायलों को मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

Next Post

यूराेप में वंदेभारत जैसी ट्रेन का किराया 20 गुना ज्यादा - रेल मंत्री

Fri Feb 6 , 2026
नयी दिल्ली, 06 फरवरी (वार्ता) रेल मंत्री को यूरोप में वंदे भारत जैसी ही ट्रेन में यात्रा के लिए 20 गुना किराये का भुगतान करना पड़ा। रेलमंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को राज्य सभा में रेल मंत्रालय से जुड़े अनुपूरक सवालों का जवाब देते हुए बताया कि उन्होंने हाल […]

You May Like